![]()
सीडीओ ने विकास खंड हरियावां का किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव व योजनाओं की प्रगति पर दिए निर्देश

#हरदोई। जनपद में विकास कार्यों की प्रगति एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने मंगलवार को विकास खंड कार्यालय हरियावां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सर्वप्रथम खंड विकास अधिकारी कक्ष, स्थापना पटल, शिकायत पटल एवं आवास पटल का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न पटलों पर अभिलेखों एवं पत्रावलियों के रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उन्हें और अधिक सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने उपस्थिति पंजिका एवं भ्रमण पंजिका का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि ब्लॉक से बाहर जाने वाले प्रत्येक कर्मचारी का विवरण भ्रमण पंजिका में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही सेवा पुस्तिकाओं एवं जीपीएफ पासबुक का परीक्षण करते हुए सभी प्रविष्टियों को अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मनरेगा के अंतर्गत आवास लाभार्थियों को 90 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य की समीक्षा के दौरान प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 31 मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के सभी लाभार्थियों को निर्धारित 90 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत राशन कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, विभिन्न कैडर के मानदेय भुगतान, समूह गठन एवं बैंक लिंकेज जैसे विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ब्लॉक परिसर में संचालित प्रेरणा कैंटीन को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लॉक परिसर में उपलब्ध रिक्त भूमि पर वृक्षारोपण कर फलदार एवं फूलदार पौधे लगाने के लिए भी खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया।
इस दौरान डॉ. रत्नेश सिंह, खंड विकास अधिकारी हरियावां, मो. आबिद अली, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), सर्वेश कुमार, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


