Advertisement

कछौना ब्लॉक में CDO सान्या छाबड़ा के ‘सिंघम’ तेवर: लापरवाह अधिकारी और कर्मचारियों को।दिए सख्त निर्देश, फार्मासिस्ट का वेतन रोका :


Loading

कछौना ब्लॉक में CDO सान्या छाबड़ा के ‘सिंघम’ तेवर: लापरवाह अधिकारी और कर्मचारियों को।दिए सख्त निर्देश, फार्मासिस्ट का वेतन रोका :

 

हरदोई के विकासखंड कछौना में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने ब्लॉक कार्यालय और राजकीय पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। 12 फरवरी को हुए इस निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों में घोर लापरवाही और वित्तीय अभिलेखों में बड़ी खामियां मिलने पर CDO ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गाज गिरा दी।

निरीक्षण के दौरान जब CDO ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को रोजगार देने की समीक्षा की, तो उनकी पोल खुल गई। नियमानुसार शत-प्रतिशत लाभार्थियों को 90 दिन का रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया था। इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए CDO ने अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अनुज श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी करने और पटल सहायक राज बहादुर को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही खंड विकास अधिकारी को सख्त हिदायत दी कि 31 मार्च तक हर हाल में आवास लाभार्थियों को रोजगार मुहैया कराना सुनिश्चित करें।

इसके बाद CDO के निरीक्षण में ब्लॉक कार्यालय के वित्तीय पंजिकाओं की पोल खुली, जहाँ कई प्रविष्टियों पर ब्लॉक प्रमुख के हस्ताक्षर तक नहीं पाए गए। इस घोर अनियमितता और लापरवाही पर CDO ने लेखाकार राकेश कुमार श्रीवास्तव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और स्वयं खंड विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान स्थापना, लेखा और शिकायत पटल के अभिलेखों के रखरखाव में भी खामियां पाई गईं, जिसे लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।

ब्लॉक के औचक निरीक्षण के बाद CDO सान्या छाबड़ा राजकीय पशु चिकित्सालय कछौना जा पहुंचीं। वहाँ स्टॉक रजिस्टर की जांच करने पर स्थिति और भी खराब मिली, जहाँ प्राप्त औषधियों की एंट्री तक नहीं की गई थी। इस पर उन्होंने फार्मासिस्ट अशोक कुमार का वेतन बाधित करते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बीडीओ महेश चंद्र, एडीओ पंचायत संतोष कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। CDO की इस ताबड़तोड़ और तल्ख कार्रवाई ने ब्लॉक मुख्यालय में खलबली मचा दी है।

#

Nagrik Udan